
महासमुंद। महासमुंद जिले में पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने जांच के दौरान एक कार से 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि गुजरात पंजीयन की इस कार में सवार युवको ने एक गुप्त चेंबर बना रखा था। जिसमें पिट्ठू बैग में सोने के जेेवर भरकर छिपाया गया था। इस मामले में पुलिस ने गुजरात के रहने वाले तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पुलिस को दूसरे राज्य से आने वाले वाहनों में नशेे का सामान तस्करी की शिकायत मिली थी। लिहाजा पुलिस क्षेत्र में जांच प्वाइंट लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध लगने पर कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस को कार के अंदर बने एक गुप्त चेंबर से पिट्ठू बैग बरामद हुआ।
बैग खोलने पर उसमें भारी मात्रा में सोने के जेवरात मिले। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सोने के जेवरात का कुल वजन 7 किलो 512 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद पुलिस टीम भी हैरान रह गई। कार में सवार तीनों युवक गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वे राजकोट से सोने के जेवर बेचने के लिए आए थे।
हालांकि, पूछताछ के दौरान वे सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सके। फिलहाल पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले की सूचना आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियों को भी दी जा सकती है।



