वायरल मोनालिसा निकली नाबालिग! ST आयोग की रिपोर्ट में हुआ खुलासा, इतने साल की है वायरल गर्ल, पति फरमान की बढ़ी मुश्किलेंं

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां चर्चित “वायरल गर्ल मोनालिसा” मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय National Commission for Scheduled Tribes (ST आयोग) की जांच में मोनालिसा को नाबालिग पाया गया है। बताया जा रहा है कि महाकुंभ 2025 के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुईं मोनालिसा की उम्र को लेकर विवाद सामने आया था, जिसके बाद 17 मार्च को मिली शिकायत के आधार पर आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह ने एक जांच दल का गठन किया था। जांच के दौरान महेश्वर के शासकीय अस्पताल के रिकॉर्ड में यह दर्ज मिला कि मोनालिसा का जन्म 30 दिसंबर 2009 को शाम 5:50 बजे हुआ था, जिससे मार्च 2026 में उसकी उम्र करीब 16 वर्ष पाई गई।
शादी के समय मोनालिसा नाबालिग
जांच में यह भी सामने आया कि मार्च माह में केरल में फरमान खान के साथ हुई शादी के समय मोनालिसा नाबालिग थी। आयोग की टीम ने महज तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट तैयार कर आयोग को सौंप दी। इस बीच मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले की शिकायत पर 25 मार्च को महेश्वर थाने में फरमान खान के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया। साथ ही आरोपी पर पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत भी प्रकरण कायम किया गया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
एफआईआर की कॉपी मीडिया को उपलब्ध
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश के एडवोकेट और सामाजिक कार्यकर्ता प्रथम दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एफआईआर की कॉपी मीडिया को उपलब्ध कराई है। वहीं महेश्वर के विधायक राजकुमार मेव और भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल आज दोपहर 12 बजे इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। दूसरी ओर फिल्म डायरेक्टर सानोज मिश्रा ने वीडियो जारी कर ST आयोग का आभार जताते हुए इस मामले को “लव जिहाद” से जोड़कर बड़ा आरोप लगाया है।
मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींच लिया है। National Human Rights Commission (NHRC) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है और खरगोन के पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोग ने मध्य प्रदेश और केरल सरकारों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को आपसी समन्वय के साथ जांच आगे बढ़ाने को कहा है।



