
जशपुर। जिले में आस्था को झकझोर देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राम पंचायत नन्हेसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग को ही उखाड़कर चोरी कर लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, चोर रात के अंधेरे में मंदिर परिसर में घुसे और सुनियोजित तरीके से शिवलिंग को उखाड़कर अपने साथ ले गए। सुबह जब श्रद्धालु और ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो शिवलिंग गायब देखकर हैरान रह गए। इसके बाद तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2022 में भी इसी शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी की घटना सामने आई थी। उस समय भी पुलिस में शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। कुछ समय बाद शिवलिंग टूटी हुई अवस्था में मंदिर परिसर में ही वापस मिल गया था, जिससे यह मामला और भी रहस्यमय बन गया था।
लगातार दूसरी बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि आस्था के केंद्र पर बार-बार हो रही इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
इस मामले में सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शिवलिंग चोरी की सूचना प्राप्त हुई है और पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिर परिसर में निगरानी और सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और चोरों की तलाश की जा रही है।



