खरोरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली से आए मोहम्मद फैज खान संयोजक गौ रक्षा प्रकोष्ठ, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच, नई दिल्ली, ने खरोरा के केशला स्थित श्री हरि टीम एनिमल केयर रेस्क्यू सेंटर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गौमाताओं के बीच समय बिताया और संस्थान द्वारा किए जा रहे गौसेवा एवं उपचार कार्यों को करीब से देखा। मोहम्मद फैज खान ने गौसेवा की वास्तविक भावना को समझाते हुए कहा कि जब बच्चे छोटे होते हैं तो कहते हैं-मां मेरी है, मां मेरी है; लेकिन वहीं बच्चे बड़े होकर कहते हैं-मां तेरी है, मां तेरी है। उन्होंने इसी उदाहरण के माध्यम से समाज की उस सोच पर ध्यान दिलाया, जहां गाय के दूध देने तक लोग उसे अपनी जिम्मेदारी मानते हैं, लेकिन जब वही गौमाता बूढ़ी, बीमार या असहाय हो जाती है तो उसे सड़क पर छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गौमाता जब स्वस्थ होती है और दूध देती है, तब उसकी सेवा करना आसान है, लेकिन
जब वह बीमार, घायल या दूध देना बंद कर देती है, तब उसे अपनाकर उसकी देखभाल करना ही सच्ची गौ सेवा है। उन्होंने संस्थान में ऐसी ही बीमार, घायल एवं बेसहारा गौमाताओं की सेवा होते देखकर श्री हरि टीम एनिमल केयर रेस्क्यू सेंटर के सेवा कार्यों की सराहना की और पूरी टीम के समर्पण की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल बोलने का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, करुणा और संवेदना को अपने जीवन में उतारने का कार्य है। संस्थान द्वारा उन गौमाताओं की सेवा की जा रही है जिन्हें उनके कठिन समय में कोई सहारा नहीं मिलता। इस अवसर पर मोहम्मद फैज खान जी के साथ राजीव अग्रवाल सूरज सोनी रमेश शर्मा एवं गौ भक्तों का गौधाम आगमन सेवा से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके विचारों और सेवा कार्यों की सराहना से गौधाम की पूरी टीम का उत्साह बढ़ा। इस दौरान गौशाला की टीम की ओर से सतविंदर सिंह बग्गा अनुराग अग्रवाल आरती देवांगन भगवती देवांगन संजय देवांगन एवं वासु देवांगन उपस्थित थे।




