Homeछत्तीसगढप्रेम प्रसंग में अंधे कत्ल का खुलासा:पत्नी ने प्रेमी संग रची पति...

प्रेम प्रसंग में अंधे कत्ल का खुलासा:पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश…

राजनांदगांव। जिले के चिचोला थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी गंगोत्री बाई ने अपने प्रेमी नरबद साहू के साथ मिलकर पति प्रेमलाल साहू की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

10 अगस्त को नेशनल हाईवे किनारे मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रेमलाल साहू के भाई ओमप्रकाश साहू की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। 10 अगस्त को ग्राम रामपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे किनारे प्रेमलाल साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।

मृतक के मुंह, नाक और माथे पर चोट के निशान थे। वहीं उसके दाहिने हाथ के पास एक बड़ा मुरम का पत्थर भी पड़ा मिला, जिस पर खून के निशान थे। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मोबाइल लोकेशन और CDR से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन के आधार पर संदेही नरबद साहू से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने मृतक प्रेमलाल साहू के सिर पर पत्थर मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी गंगोत्री बाई के साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था। इससे परेशान पत्नी ने अपने प्रेमी नरबद साहू के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।

पत्नी की भूमिका भी सामने आई

पूछताछ में आरोपी नरबद साहू ने हत्या की योजना में मृतक की पत्नी गंगोत्री बाई के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी पत्नी गंगोत्री बाई और उसके प्रेमी नरबद साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments