Homeछत्तीसगढनौकरी नहीं मिला तो भगवान से हो गया नाराज, शिव-हनुमान मंदिर में...

नौकरी नहीं मिला तो भगवान से हो गया नाराज, शिव-हनुमान मंदिर में तोड़ दीं 3 प्रतिमाएं; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। रोजगार नहीं मिलने से कथित तौर पर भगवान के प्रति नाराजगी जताते हुए एक युवक ने शिव-हनुमान मंदिर में घुसकर तीन प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

रात 3 बजे छैनी-हथौड़ा लेकर पहुंचा मंदिर

मामला गुढ़ियारी पड़ाव स्थित शिव-हनुमान मंदिर का है। पुलिस के अनुसार आरोपी हेमंत अग्रवाल रात करीब 3 बजे घर से छैनी और हथौड़ा लेकर मंदिर पहुंचा। उसने मंदिर में मौजूद हनुमानजी, शिवलिंग और साईं जी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर लौट गया और घटना में इस्तेमाल की गई छैनी व हथौड़े को घर में छिपा दिया।

रोजगार नहीं मिलने पर भगवान से था नाराज

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रोजगार में भगवान का साथ नहीं मिलने की बात कहकर अपनी नाराजगी जाहिर की। आरोपी ने इसी वजह से मंदिर में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

CCTV फुटेज से मिली अहम सुराग

मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। CCTV फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी हेमंत अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई छैनी और हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments