रायपुर। रायपुर की महापौर मीनल चौबे को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद बड़ी संख्या में बीजेपी पार्षदों ने रायपुर सेंट्रल DCP से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर सड़क की खराब स्थिति को लेकर एक युवक वीडियो बनाते हुए महापौर के खिलाफ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी पार्षदों में नाराजगी देखी गई। बीजेपी पार्षदों का कहना है कि सार्वजनिक पद पर बैठी जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन के जरिए वीडियो बनाने और कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मामले में पुलिस अब सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। वीडियो किसने बनाया, उसमें इस्तेमाल की गई भाषा और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।
पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय करेगी। फिलहाल बीजेपी पार्षदों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




