रायपुर।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बार से शराब के साथ बिक्री से प्राप्त नकदी भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में शुष्क दिवस घोषित था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर एक, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही है।
सूचना मिलने के बाद मौदहापारा पुलिस ने बार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। जांच के दौरान शराब बिक्री की शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की और बार संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी सामने आई
पुलिस के अनुसार, बार से शराब बाहर निकालकर बेचने की गतिविधि में सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी सामने आई है। उसके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि बार को लेकर पूर्व में भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। ताजा सूचना के आधार पर निगरानी के बाद कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शुष्क दिवस के दौरान कितनी शराब बेची गई और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।




