रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। एक नई भर्ती इंतजार कर रही है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेश में पटवारी के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। शासन की ओर से 6 सितंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया संबंधित सेवा भर्ती नियमों और प्रचलित आरक्षण नियमों के तहत पूरी की जाएगी।
पटवारी पदों पर चयन की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन आयोग (CG Vyapam) के माध्यम से आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भर्ती प्रस्ताव की प्रविष्टि कर्मचारी चयन आयोग के पोर्टल पर होने के बाद शुरू होगी। आवेदन शुरू होने की तारीख और अन्य विस्तृत जानकारी कर्मचारी चयन आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
शासन के आदेश के अनुसार प्रदेश के 26 जिलों में कुल 200 पटवारी पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। जिलों में स्वीकृत रिक्त पदों के आधार पर पदों का वितरण किया गया है।
इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में सबसे ज्यादा 15-15 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी निर्धारित संख्या के अनुसार पटवारी पदों पर भर्ती होगी।
भर्ती नियम और आरक्षण के आधार पर चयन
पटवारी भर्ती में उम्मीदवारों का चयन शासन के संबंधित सेवा भर्ती नियमों और लागू आरक्षण प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। भर्ती परीक्षा और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी कर्मचारी चयन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
सरकार की ओर से 200 पदों पर सीधी भर्ती की मंजूरी के बाद लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह अहम अवसर माना जा रहा है। युवाओं को सलाह है कि भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने के बाद पात्रता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न और जिलावार पदों की जानकारी ध्यान से जांचकर आवेदन करें।




