Homeछत्तीसगढरायगढ़ में सनसनी: भाजपा पार्षद पर फरसे से जानलेवा हमला, हालत गंभीर...

रायगढ़ में सनसनी: भाजपा पार्षद पर फरसे से जानलेवा हमला, हालत गंभीर…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ जूटमिल थाना क्षेत्र में शनिवार रात वार्ड नंबर 36 के भाजपा पार्षद विजय चौहान पर एक युवक ने धारदार फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पार्षद के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें लहूलुहान हालत में इलाज के लिए रायगढ़ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विवाद शांत कराने गए थे पार्षद
मिली जानकारी के मुताबिक, पार्षद विजय चौहान शनिवार रात मीना बाजार की ओर से पेट्रोल भरवाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास उन्होंने देखा कि कमल सारथी नाम का एक युवक किसी अन्य युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा था। पार्षद ने इंसानियत के नाते बीच-बचाव किया और कमल को समझाते हुए कहा कि सामने वाला युवक शराब के नशे में है, उसे मत मारो।

समझाना पड़ा भारी, आरोपी ने लगातार किए वार
पार्षद की यह समझाइश आरोपी कमल सारथी को नागवार गुजरी और वह गुस्से से आगबबूला हो गया। वह तुरंत अपने साथ एक धारदार फरसा लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए पार्षद विजय चौहान पर टूट पड़ा। आरोपी ने फरसे से लगातार कई वार किए, जिससे पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही भारी मात्रा में खून बहने लगा।

अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद घायल पार्षद किसी तरह जूटमिल थाना पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उन्हें फौरन उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहाँ उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मटन मार्केट और आसपास का यह इलाका लंबे समय से असामाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ है, जहाँ अक्सर ऐसी वारदातें होती रहती हैं। फिलहाल, जूटमिल थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments