Homeछत्तीसगढधमतरी में हाई-वोल्टेज ड्रामा: चालू ट्रांसफार्मर पर चढ़ा युवक, एक घंटे तक...

धमतरी में हाई-वोल्टेज ड्रामा: चालू ट्रांसफार्मर पर चढ़ा युवक, एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

धमतरी। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति कॉलोनी चौक पर उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब एक विक्षिप्त युवक अचानक बिजली के चालू ट्रांसफार्मर पर जा चढ़ा। युवक को हाई वोल्टेज ट्रांसफार्मर पर बैठा देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बिजली सप्लाई बंद कर दी गई सूचना
पवन होटल के पास हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को मामले की जानकारी दी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग से तत्काल संपर्क किया गया और संबंधित फीडर की बिजली सप्लाई बंद कराई गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने सुरक्षित उतारा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक ट्रांसफार्मर पर ही डटा रहा। नीचे खड़े लोग उसे लगातार उतरने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस फिलहाल युवक से पूछताछ कर रही है कि वह किन कारणों से वहां चढ़ा था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments