रायपुर/बलरामपुर: छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है. 28 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उन्हें सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड अंतर्गत परसा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य के पद पर डाउनग्रेड (स्थानांतरित) कर भेजा गया है. विभाग ने उनकी जगह नरेंद्र कुमार निरापुरे को बलरामपुर का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया है.
4.51 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप
The Rular प्रेस और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनीराम यादव पर वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान नियमों को ताक पर रखकर फर्नीचर, खेलकूद सामग्री और स्टेशनरी की खरीदी में करीब 4.51 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता बरतने के गंभीर आरोप हैं. बलरामपुर कलेक्टर द्वारा गठित समिति की जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है.
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब मनीराम यादव विवादों में घिरे हैं. अलग-अलग जिलों में अपनी पदस्थापना के दौरान वे पहले भी चार बार निलंबित हो चुके हैं और उन पर पहले भी 2.42 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं. पद से हटाए जाने के बाद अब उन पर आगे की विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.




