भिलाई: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर भिलाई से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक नामचीन होटल के महिला टॉयलेट में स्पाई कैमरा छुपाकर लगाए जाने की शिकायत के बाद हड़कंप मच गया। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरिराज होटल (रेस्टोरेंट) का बताया जा रहा है, जहां खाना खाने पहुंची एक महिला ने बाथरूम के अंदर एक संदिग्ध वस्तु देखी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
महिला की सूझबूझ से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने परिवार के साथ हरिराज होटल में भोजन करने आई थी। इसी दौरान जब वह टॉयलेट इस्तेमाल करने गईं, तो उन्हें वहां एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। शक होने पर जब उन्होंने करीब जाकर ध्यान से देखा, तो पाया कि वह एक हिडन कैमरा था, जिसे इस तरह छिपाकर लगाया गया था कि अंदर की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा सके।
महिला ने बिना देर किए इसकी जानकारी तुरंत होटल प्रबंधन को दी और पुलिस की डायल 112 टीम को कॉल कर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
होटल कर्मचारी पर शक, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि कैमरा मिलने की भनक लगते ही होटल का एक संदिग्ध कर्मचारी मौके से फरार हो गया, जिस पर कैमरा लगाने का आरोप है। पुलिस फिलहाल उस कर्मचारी की तलाश कर रही है।
शुरुआती तलाशी में नहीं मिला कैमरा, जांच जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला टॉयलेट समेत पूरे होटल परिसर की बारीकी से तलाशी ली है। भिलाई पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के दौरान मौके से अभी कोई कैमरा बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल के मैनेजर और अन्य स्टाफ सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वहां पहले कोई कैमरा लगा था और क्या कोई डेटा या वीडियो रिकॉर्ड कर बाहर भेजा गया है।
इस घटना के बाद शहर के अन्य होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर भी महिलाओं की सुरक्षा एवं प्राइवेसी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।



