दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर के छावनी थाना क्षेत्र में पड़ोस में रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिग लड़के ने खेलने के बहाने दो सगी मासूम बहनों के साथ पिछले चार महीनों से लगातार दुष्कर्म कर रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक बच्ची के प्राइवेट पार्ट में दर्द हुआ। इसके बाद परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिसमें पूरी घटना सामने आई। इस दिल दहला देने वाली घटना ने समाज और बच्चियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग लड़का मासूम बच्चियों को खेलने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाता था और वहां उनके साथ इस दरिंदगी को अंजाम देता था। कल अचानक एक बच्ची के प्राइवेट पार्ट में तेज दर्द होने के बाद, माता-पिता को पूरी सच्चाई का पता चला और इस घिनौने राज का पर्दाफाश हुआ। पीड़ित पिता ने बिना वक्त गंवाए तुरंत छावनी थाने में दोनों बच्चियों के लिए दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस रात करीब 1 बजे दोनों बच्चियों को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज होने के तुरंत बाद आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें सभी कानूनी और विधिवत कार्रवाई की जा रही है।



