धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात एक आरक्षक ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। इस घटना के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही रुद्री थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं।
डायल 112 में पदस्थ था जवान
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक का नाम ओंकार सोनवानी था, जो डायल 112 सेवा में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि मृतक आरक्षक मूल रूप से कुरुद क्षेत्र के बंगोली गाँव के रहने वाले थे। घटना के बाद पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
आरक्षक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इस बात की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
रुद्री थाना पुलिस मामले की मर्ग कायम कर आगे की जांच में जुट गई है। आरक्षक के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों, करीबियों और सहकर्मियों से पूछताछ कर रही है।




