अंबिकापुर: सोशल मीडिया पर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर आकांक्षा टोप्पो को बुधवार को अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) गुलापन राम यादव की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।।
कोर्ट में जमानत याचिका खारिज
अदालत में पेशी के दौरान बचाव पक्ष की ओर से आकांक्षा टोप्पो के लिए जमानत की मांग की गई, जिसका अभियोजन पक्ष ने कड़ा विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने जमानत याचिका को खारिज करते हुए आरोपी इन्फ्लुएंसर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया। इससे पहले पुलिस द्वारा उनका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मेडिकल चेकअप भी कराया गया।
जनप्रतिनिधियों पर अभद्र टिप्पणी और 7 केस दर्ज
आकांक्षा टोप्पो पर इंटरनेट मीडिया के जरिए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के खिलाफ लगातार अमर्यादित व आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ सरगुजा जिले के अलग-अलग थानों में पहले से ही सात अपराध दर्ज हैं। हालिया मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1), 352, 353(2) के साथ-साथ धारा 111 भी जोड़ी है।
कोर्ट परिसर में भारी हंगामा और पुलिस तैनात
इन्फ्लुएंसर की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामे और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जहां एक तरफ भाजपा से जुड़े लोग कोर्ट परिसर पहुंचे, वहीं दूसरी तरफ सर्व आदिवासी समाज ने भी इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कलेक्टोरेट कूच करने की तैयारी की है। इस मामले में एक सहायक प्राध्यापक अकील अहमद के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।



