राजनांदगांव / डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के राजनांद gaao के डोंगरगढ़ अंतर्गत मोचीपारा (रविदास नगर) में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शुक्रवार रात हुई इस घटना के दौरान स्थानीय युवक और महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी, अभद्रता और मारपीट की. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
शराब के साथ पकड़ाया तो उतार दिए कपड़े
मिली जानकारी के मुताबिक, डोंगरगढ़ पुलिस को मोचीपारा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बेचने की गुप्त सूचना मिली थी. जब पुलिस टीम मौके पर छापेमारी करने पहुंची, तो उन्होंने एक युवक को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों दबोच लिया.
पुलिस की कार्रवाई से बौखलाया युवक जवानों से उलझ गया और बदसलूकी करने लगा. खुद को घिरता देख उसने पुलिसकर्मियों के सामने ही अपने सारे कपड़े उतार दिए और जोर-जोर से चिल्लाते हुए जवानों को उसे मारने के लिए उकसाने लगा.
महिलाओं और भीड़ ने किया पुलिस का घेराव
युवक के हंगामा शुरू करते ही वहां स्थानीय लोगों और महिलाओं की भारी भीड़ जमा हो गई. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं और युवक पुलिसकर्मियों के साथ उग्र बहस कर रहे हैं और उनके काम में बाधा डाल रहे हैं. इस दौरान भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की घटना को अंजाम दिया.
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की तलाश तेज
इस मामले को लेकर डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला और शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है.
पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले और अवैध शराब के धंधे में शामिल इन सभी उपद्रवियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.



