भिलाई। भिलाई के ट्रांसपोर्ट नगर (छावनी क्षेत्र) स्थित एक कबाड़ गोदाम में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में रेल पटरियां, लोहे के एंगल और छड़ें बरामद की हैं. यह कार्रवाई वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की शिकायत के बाद की गई, जिसमें पुलिस टीम ने सुरेश पांडे के कबाड़ गोदाम में औचक दबिश दी.
ट्रेलर में छिपाकर रखा था करोड़ों का स्क्रैप
पुलिस को छापे के दौरान गोदाम परिसर में खड़े एक बड़े ट्रेलर से भारी मात्रा में रेल पटरियां और अन्य लोहे का सामान मिला. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन रेल पटरियों का संबंध सीधे भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से होने की बात सामने आ रही है. पुलिस को अंदेशा है कि इन कीमती पटरियों को BSP से अवैध तरीके से लाकर कबाड़ गोदाम में काटने और खपाने की तैयारी चल रही थी.
जांच के घेरे में कागजात और सोर्स
यह पूरा स्क्रैप किस प्रक्रिया के तहत इस गोदाम तक पहुंचा, इसका असली मालिक कौन है, और क्या इसे काटने के लिए कोई वैध अनुमति ली गई थी, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. पुलिस ने पटरियों के परिवहन और मालिकाना हक से जुड़े सभी दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया है.
गोदाम संचालक फरार, पुलिस को अहम सुरागों की उम्मीद
कार्रवाई के बाद से ही गोदाम संचालक सुरेश सिंह (पांडे) फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है और दावा किया जा रहा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दुर्ग पुलिस को उम्मीद है कि इस बरामदगी के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र से होने वाली लोहा चोरी के एक बड़े नेटवर्क और सिंडिकेट का खुलासा हो सकता है. फिलहाल, पुलिस की अंतिम जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस खेल में और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं.



