रायपुर, 16 अक्टूबर। Chhattisgarh में औद्योगिक विकास का सीधा लाभ राज्य के युवाओं को रोजगार और आर्थिक अवसरों के रूप में मिले, यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर में ‘यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड’ की प्रस्तावित नई औद्योगिक इकाई के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं है, बल्कि निवेश को रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और प्रदेश की समृद्धि का माध्यम बनाना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नई औद्योगिक विकास नीति में श्रम आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इन उद्योगों में अपेक्षाकृत कम पूंजी निवेश के साथ बड़ी संख्या में रोजगार सृजित करने की क्षमता होती है।
3,500 से अधिक युवाओं को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार
सीएम विष्णु देव साय ने यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की इस नई इकाई को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना में 150 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इस प्लांट के शुरू होने से साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इस इकाई में देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए उत्पादों का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।




