रायपुर: जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले छत्तीसगढ़ के स्टार एथलीट अनिमेष कुजूर ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने अनिमेष को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जशपुर की माटी के लाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाड़े झंडे
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र के एक छोटे से ग्रामीण अंचल (ग्राम घुईटांगर) से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक हासिल करना बेहद गौरवशाली है। अनिमेष ने अपनी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष प्रसन्नता जताई कि इस स्पर्धा में भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया है। उन्होंने कहा कि अनिमेष की यह सफलता प्रदेश के उन हजारों युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री साय ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर, सरगुजा और जशपुर जैसे जनजातीय व ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार का मुख्य प्रयास इन प्रतिभाओं की शुरुआती स्तर पर पहचान करना और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने जोर दिया कि प्रदेश में एक नई खेल संस्कृति का विकास किया जा रहा है जिससे युवाओं का सर्वांगीण विकास हो सके।
मुलाकात के दौरान ये रहे उपस्थित
अनिमेष कुजूर ने भी मुख्यमंत्री के साथ एशियन गेम्स के अपने अनुभवों, ट्रेनिंग और अब तक के खेल सफर को साझा किया। इस खास और गरिमामयी अवसर पर अनिमेष कुजूर के पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर के साथ-साथ एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



