रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द ही कर दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए शीघ्र ही नई वैकेंसी भी निकाली जाएगी।
रायपुर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सीजीपीएससी के वार्षिक परीक्षा कैलेंडर और अध्यक्ष के रिक्त पद से जुड़े सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षित युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि शासकीय सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। युवाओं के भविष्य और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 8 सितंबर 2026 से सीजीपीएससी अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण कई भर्तियां, साक्षात्कार और आगामी परीक्षाओं का कैलेंडर रुका हुआ है। अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद आयोग के नीतिगत फैसलों, रुके हुए इंटरव्यू और नई परीक्षाओं के आयोजन में तेजी आने की उम्मीद है।



