Homeछत्तीसगढLIC में लाखों का गबन! EOW ने पूर्व अधिकारी के खिलाफ कोर्ट...

LIC में लाखों का गबन! EOW ने पूर्व अधिकारी के खिलाफ कोर्ट में पेश किया चालान…

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की विश्रामपुर शाखा में 28.55 लाख रुपये के कथित गबन के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो ने मामले के आरोपी पूर्व सहायक प्रशासनिक अधिकारी अमोद कुमार लकड़ा के खिलाफ विवेचना पूरी कर विशेष न्यायालय (पीसी एक्ट), सूरजपुर में अभियोग पत्र (चार्जशीट) प्रस्तुत कर दिया है।

EOW के अनुसार, आरोपी पर शाखा में जमा होने वाली 28,55,968 रुपये की राशि बैंक में जमा नहीं करने और उसकी जगह कूटरचित (फर्जी) पे-इन स्लिप जमा कर रिकॉर्ड में हेराफेरी करने का आरोप है। इस कथित गड़बड़ी के जरिए सरकारी धन का गबन किए जाने की शिकायत सामने आई थी।

मामले का खुलासा होने के बाद शाखा प्रबंधक की शिकायत पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दस्तावेजों की पड़ताल में गबन और अभिलेखों में हेराफेरी के आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी, आपराधिक न्यासभंग (Criminal Breach of Trust), कूटरचना (Forgery) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

EOW ने मामले की विस्तृत विवेचना पूरी करने के बाद आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए विशेष न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत कर दिया है। अब मामले की सुनवाई अदालत में होगी, जहां उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की न्यायिक प्रक्रिया चलेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments