छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर डाक्यूमेंट्री फिल्म मेहमान परिंदे का किया लोकार्पण

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ जैव विविधता के मामले में एक संपन्न राज्य है। यहां की वैभव पूर्ण संस्कृति में हमेशा से ही जैव विविधता की महत्ता जुड़ी हुई है। इसे प्रदेश ही नहीं अपितु राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने के महत्वपूर्ण कार्य में हम सबको आगे आने की जरुरत है। मुख्यमंत्री बघेल शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव मौजूद थे। मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम में जैव विविधता की पांच श्रेणियों में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड की ओर से निर्मित डाक्यूमेंट्री फिल्म मेहमान परिंदे का लोकार्पण किया। बोर्ड की ओर से ही प्रकाशित फ्लोरल डायर्वसिटी ऑफ छत्तीसगढ़, बटरफ्लाई ऑफ भोरमदेव वाइल्ड लाइफ और स्नेक्स एंड अदर रेपटाइल्स ऑफ छत्तीसगढ़ पुस्तकों का विमोचन भी किया। उन्होंने सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस की बधाई दी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में 44 प्रतिशत भू-भाग वन संपदा से आच्छादित है। यह राज्य जैव विविधता की दृष्टि से भी परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मानव और प्रकृति के बीच अटूट संबंध है और हमारा जीवन एक-दूसरे पर आश्रित है। इसे ध्यान में रखते हुए जैव विविधता का संरक्षण और संवर्धन जरूरी है।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वन मनोज पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी व बोर्ड के सदस्य सचिव अरूण पांडेय ने राज्य में जैव विविधता के संबंध में बोर्ड के कार्यकलापों और संचालित गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य के 27 ऐसे वेटलैंड का चयन किया गया है, जिनमें प्रवासी पक्षी बड़ी संख्या में आते हैं। इनमें से 4 बेलौदी, चीचा, अचानकमार एवं सांकरा दुर्ग जिले में 3 गिधवा परसदा एवं मुरकुटा बेमेतरा जिले में और 5 बरबंदा, मांढर, खरोरा, बंगोली व कोसरंगी रायपुर जिले में हैं। इस तरह प्रथम चरण में इन तीनों जिले के 12 वेटलैंड में कार्य प्रारंभ करने के लिए सर्वे आदि का कार्य प्रगति पर है। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जैव विविधता की 5 श्रेणियों में व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इनमें वन्यप्राणियों के संरक्षण श्रेणी के अंतर्गत रायपुर सर्प संरक्षण समूह और धमतरी वाइल्ड लाइफ फेयर सोसायटी और नोवा नेचर वाईल्ड लाइफ सोसायटी शामिल है। इसी तरह पालतू प्रजातियों के संरक्षण श्रेणी में राज्य पुलिस श्वान प्रशिक्षण केन्द्र 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई, जैव संसाधनों का पोषणीय उपयोग श्रेणी में प्रभात दुबे अंबिकापुर, सभ्यता, संस्कृति एवं धरोहर से जैव विविधता संरक्षण श्रेणी में जंगोरायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था एवं नैसर्गिक पर्यावरण शिक्षा निकेतन ज्ञान बाडा दमकसा और श्रेष्ठ जैव विविधता प्रबंधन समिति में जैव विविधता प्रबंधन समिति गिधवा एवं जैव विविधता प्रबंधन समिति परसदा शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button