बिलासपुर में फंगस का एक मरीज स्वस्थ, नए केस नहीं मिले
बिलासपुर। सिम्स में भर्ती फंगस के मरीज को स्वस्थ्य होने पर रविवार को डिस्चार्ज किया गया है। वहीं सिम्स में नए मरीज भर्ती नहीं हुए हैं। इसके साथ ही अब तक सिम्स से फंगस के चार मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। कोरबा के रहने वाले 72 वर्षीय बुजुर्ग को 10 दिन पहले सिम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। फंगस की पुष्टि होने पर इन्हें फंगस के स्पेशल वार्ड में भर्ती कराया गया था।
10 दिनों तक चले उपचार के बाद स्वस्थ होने पर इन्हें रविवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। सिम्स में अब तक फंगस के 29 मरीजों को भर्ती कराया गया है। इनमें से 10 को स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। शेष का सिम्स में उपचार किया जा रहा था। इनमें तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं, 12 मरीजों का सिम्स में उपचार चल रहा है।
दवाओं के लिए भेजी गई मांग
बीते कुछ दिनों से सिम्स में फंगस के मरीजों के लिए दवाएं कम हो गई है। इस पर सिम्स प्रबंधन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी गई है। साथ ही जल्द ही दवा आपूर्ति करने की मांग की गई है। फिलहाल महंगी दवाओं से मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इससे मरीजों का उपचार प्रभावित नहीं हुआ है।
मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार
रविवार को सिम्स में भर्ती एक मरीज को स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज किया गया है। इसके अलावा अन्य मरीजों की हालत में भी तेजी से सुधार हो रहा है। रविवार को फंगस से पीड़ित एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है। वहीं, अन्य मरीजों की हालत में सुधार से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।