
नेशनल हाईवे 30 पर दर्दनाक सड़क हादसा
श्रीराम चौहान,
तिल्दा नेवरा। जिला रायपुर ग्रामीण के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे क्रमांक 30 पर स्थित 22 मील चौक, ग्राम भूमिया के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। घटना 30 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे की है, जब एक ट्रेलर हाईवा वाहन क्रमांक CG 10 BJ 5311 के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस के अनुसार चालक को इस बात का पूर्ण ज्ञान था कि इस तरह के वाहन को तेज गति से चलाने पर जानलेवा हादसा हो सकता है, इसके बावजूद उसने ट्रक को नियंत्रित नहीं किया।
हादसे में ग्राम भूमिया निवासी 35 वर्षीय घनाराम यदु, 39 वर्षीय लक्ष्मीनारायण उर्फ भकला यदु और 24 वर्षीय देवेन्द्र निषाद की मौत हो गई। वहीं ओमप्रकाश निषाद और अश्वनी साहू गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज सिमगा और रायपुर के अस्पतालों में जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अपने निजी काम से लौटकर घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
तिल्दा नेवरा पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक अरुण कुमार राम, निवासी झारखंड, के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 46/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपी चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बलौदाबाजार पुलिस को सूचना देकर नाकेबंदी कर ट्रक को जप्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।



