छत्तीसगढ़

प्रदेश के महासमुंद में हाथी ने फिर ली बुजुर्ग और एक युवक की जान

महासमुंद। छत्‍तीसगढ़ के महासमुंद जिले से लगे गौरखेड़ा में रविवार की रात आठ बजे और रात साढ़े नौ बजे झालखम्हरिया में दंतैल नर हाथी ने कुचलकर एक वृद्ध और एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद वन अमला मुस्तैदी से हाथी की निगरानी में जुट गया। फिलहाल यह हाथी जीवतरा के जंगल में है। वन अमले के अनुसार एमई वन (महासमुंद एलिफेंट वन) ने घटना को अंजाम दिया है।

यह टस्कर हाथी बागबाहरा रेंज में दो माह पहले मनरेगा मजदूरी में जा रही महिला को भी कुचला था। दरअसल यह हाथी दल से बिछड़ा हुआ है। इनका दल फिलहाल बालोद जिला में है। रविवार रात की घटना अनुसार महासमुंद शहर के वार्ड आठ निवासी राजू विश्वकर्मा (60 वर्ष) अपने दो अन्य साथियों के साथ दर्शनीय स्थल महादेव पठार गए थे। जहां से बाइक पर सवार होकर तीनो वापस शहर लौट रहे थे।

ग्राम गौरखेड़ा के पास रात में मोटरसाइकिल के सामने हाथी आ गया। हड़बड़ी में राजू बाइक से गिर गया। जबकि दो साथी वहां से जान बचाकर बाइक से भाग निकले। राजू को हाथी ने कुचल-कुचलकर मार डाला। यही हाथी करीब एक घण्टे बाद चार किमी दूर गौरखेड़ा से आगे बढ़कर झालखम्हरिया पहुंच गया।

यहां खेत में मूंगफली फसल की रखवाली कर रहे परमेश्वर कमार 30 वर्ष पर हमला कर दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में रोष व दहशत है। बता दें कि एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी घटना है। इससे पहले अचानकपुर निवासी नारायण साहू को बंदोरा के पास हाथी ने कुचलकर मार डाला था। वन विभाग हाथी से सावधान रहने गांवों में मुनादी करा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button