छत्तीसगढ़रायपुर

महंगाई के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में 4 सितम्बर को प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ से जाएंगे कांग्रेस के 2000 नेता-कार्यकर्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अगले महीने एक स्पेशल ट्रेन से दिल्ली जाएंगे। मौका है महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन कआ। इसके लिए रायपुर से 17 बोगी की एक ट्रेन बुक की गई है। बताया जा रहा है, इस ट्रेन से दो हजार लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए ले जाने की तैयारी है।

बढ़ती महंगाई के खिलाफ देश भर में आंदोलित कांग्रेस ने 4 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की है। इसमें देश भर कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं। छत्तीसगढ़ में इस रैली में जाने की तैयारी हो रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया, “इस रैली में जाने के लिए पार्टी ने 17 बोगी की एक ट्रेन बुक करा लिया है। कम से कम दो हजार नेताओं-कार्यकर्ताओं को इस ट्रेन से दिल्ली जाना है।’ यह विशेष ट्रेन रायपुर से 3 सितम्बर को रवाना होगी। बताया जा रहा है, कुछ और पदाधिकारी हवाई जहाज और निजी साधनों से भी दिल्ली जाने को तैयार हैं। कहा जा रहा है कि कोविड काल के बाद यह कांग्रेस का दिल्ली में सबसे बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी रैली में शामिल हाेने जाएंगे।

कांग्रेस ने 22 अगस्त को रायपुर के राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक बुलाई है। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआईसीसी सचिव डॉ. चंदन यादव, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और दूसरे नेता भी इसमें मौजूद रहने वाले हैं। यह बैठक “महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल-दिल्ली चलो सम्मेलन’ होगा। इसमें महंगाई के मुद्दे पर बात होगी, वहीं दिल्ली रैली की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

कांग्रेस ने जो कार्यक्रम तय किया है, उसके मुताबिक 25 अगस्त को प्रत्येक जिले में जिला कार्यकारिणी की बैठक में ऐसा सम्मेलन होगा। वहां दिल्ली रैली पर चर्चा होगी। जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। उसके बाद 27 अगस्त को प्रत्येक ब्लॉक कमेटी की बैठक होगी। वहां भी महंगाई पर चर्चा कर रैली में जाने के लिए लोगों और संसाधन जुटाने पर बात की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button