
छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में थम गई बारिश! अगले 24 घंटे के लिए मौसम का बड़ा अलर्ट…
रायपुर। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बीते कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां रुक गई हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की रफ्तार थम गई है और वह नारायणपुर व कोंडागांव से आगे नहीं बढ़ पाया है। ऐसे में रायपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ के हिस्सों में अब तक मानसून की एंट्री नहीं हो पाई है।
बीते 6 दिनों में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ी है। सोमवार को केवल तीन जगहों पर और मंगलवार को महज एक जगह पर 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में बुधवार को हल्के बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
23 जिलों में यलो अलर्ट, तेज हवा चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर समेत प्रदेश के 23 से अधिक जिलों में अगले 24 घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार भी हैं। कोरबा को छोड़कर अन्य जिलों में बारिश लगभग थमी हुई है।
रायपुर में सबसे ज्यादा तापमान
पिछले 24 घंटों में राजधानी रायपुर का तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं, कोरबा में न्यूनतम 10 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इकलौती राहतभरी बारिश थी।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सिनॉप्टिक सिस्टम में बदलाव के कारण मानसून की गति धीमी हो गई है। हालांकि अनुमान जताया गया है कि आगामी सप्ताह से मानसूनी गतिविधियां दोबारा तेज हो सकती हैं। तब तक के लिए लोगों को गर्मी और उमस से राहत की ज्यादा उम्मीद नहीं है।
ग्रामीण क्षेत्रों में थोड़ी राहत
हालांकि ग्रामीण इलाकों में आंशिक बादल और हल्की हवा के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई है, जिससे वहां के लोगों को मामूली राहत मिली है। लेकिन शहरी क्षेत्रों, खासकर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में गर्मी और उमस अब भी परेशान कर रही है।