खरोराछत्तीसगढ़

गांधी जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का चक्काजाम: मनरेगा और धान खरीदी के मुद्दे पर सरकार को घेरा

गांधी जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का चक्काजाम: मनरेगा और धान खरीदी के मुद्दे पर सरकार को घेरा

खरोरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में खरोरा ब्लॉक में विशाल चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा को कमजोर करने और किसानों को धान बेचने में हो रही परेशानियों को लेकर राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत बापू की तस्वीर पर माल्यार्पण और उन्हें नमन कर की गई। इसके पश्चात, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों आवागमन प्रभावित रहा।

नेताओं का तीखा उद्बोधन

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ताओं ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया:

गिरीश देवांगन (पूर्व अध्यक्ष, खनिज विकास निगम): उन्होंने कहा कि आज किसान और मजदूर दोनों परेशान हैं। मंडियों में धान बेचने के लिए किसानों को दर-दर भटकना पड़ रहा है, टोकन और तौल की समस्याओं ने अन्नदाता की कमर तोड़ दी है। सरकार विज्ञापन में व्यस्त है और धरातल पर गरीब मजदूर मनरेगा के काम के लिए तरस रहा है।

छाया वर्मा (पूर्व राज्यसभा सांसद): बापू के अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए आज हम अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। केंद्र सरकार जानबूझकर मनरेगा जैसी योजना को खत्म करना चाहती है, जो सीधे गरीबों के पेट से जुड़ी है। ‘विकसित भारत’ के नाम पर केवल छलावा हो रहा है।

पप्पू राजेंद्र बंजारे (जिला अध्यक्ष): किसान आज दाने-दाने के लिए मोहताज है। मंडियों में धान बेचने में भारी अव्यवस्था है, किसान कड़ाके की ठंड में परेशान हो रहा है लेकिन उसकी सुनने वाला कोई नहीं है। जब तक हर किसान का धान सही तरीके से नहीं बिक जाता, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

अश्वनी वर्मा (ब्लॉक अध्यक्ष): मनरेगा में काम बंद है और मजदूरों का भुगतान लटका हुआ है। सरकार की नीतियां केवल उद्योगपतियों के लिए हैं, गरीबों और किसानों के लिए नहीं। आज का यह चक्काजाम केवल शुरुआत है, यह संग्राम गांव-गांव तक जाएगा।

किसानों और मजदूरों का मिला समर्थन

इस चक्काजाम में क्षेत्र के किसान और मनरेगा मजदूर बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि धान खरीदी की समस्याओं का तुरंत निराकरण किया जाए और मनरेगा के तहत पर्याप्त काम व समय पर भुगतान सुनिश्चित हो।

इस दौरान पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरव विश्वनाथ मिश्र पूर्व जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष देवव्रत नायक, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र गिलहरे,ख़ौना मंडल अध्यक्ष श्यामलाल बघेल मोहरेंगा मंडल अध्यक्ष मुकेश साहू, कनकी मंडल अध्यक्ष अभिषेक वर्मा, मनरेगा बचावसंग्राम के ब्लॉक समन्वयक में खूबी डहरिया, पूर्व प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस जुबेर अली, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित वर्मा, धनेश वर्मा, प्रदीप मंढ़रिया, कपिल नशीने, किरण सिंह ठाकुर, फिरोज खान, विजय वर्मा, संत नवरंगे, भानुप्रताप भट्ट, अनिल मारकोस, अमित उइके, विजय साहू, सतीश पटेल, ललित कटारे, संजय शर्मा, हरीश वर्मा सहित सैंकड़ो की संख्या में कार्यकर्त्ता की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button