छत्तीसगढ़रायपुर

आज छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष युग की शुरुआत: नवा रायपुर में खुलेगा प्रदेश का पहला स्पेस सेंटर, CM विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर : छत्तीसगढ़ आज शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम रखने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार अंतरिक्ष यात्री का आगमन हो रहा है और नवा रायपुर को मिलने जा रहा है राज्य का पहला अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र। जिला प्रशासन रायपुर और IDYM फाउंडेशन द्वारा, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सहयोग से “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का शुभारंभ आज किया जा रहा है।

इस परियोजना के तहत नवा रायपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी परिसर में बने प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र  का लोकार्पण आज सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।

इस अवसर पर गगनयान मिशन से जुड़े देश के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ टेस्ट पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। वे इस परियोजना के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब की विशेष उपस्थिति रहेगी।

सैटेलाइट डिजाइन से लेकर ट्रैकिंग तक की ट्रेनिंग

नवा रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र ISRO मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यहां स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लैब, ग्राउंड स्टेशन और मिशन कंट्रोल सेंटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यार्थी यहां सैटेलाइट का डिजाइन, असेंबली, परीक्षण, लॉन्च तैयारी और सिग्नल-डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।

छत्तीसगढ़ को मिलेगा स्पेस टेक्नोलॉजी का नया प्लेटफॉर्म

“प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर वास्तविक वैज्ञानिक प्रयोगों से जोड़ना है। यह पहल राज्य में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगी तथा छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी और रिसर्च हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button