इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर मिलने बुलाया, फिर नग्न वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर 56 हजार लूटे, युवती समेत दो गिरफ्तार

मैहर। धार्मिक नगरी मैहर में एक हनी ट्रैप का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी मचा दी है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक को फंसाने वाली एक युवती ने उसे अपने कमरे में बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट, ब्लैकमेल और नग्न वीडियो बनाकर 56 हजार रुपये लूटने का षड्यंत्र रचा।
घटना के अनुसार, भदनपुर क्षेत्र से आए युवक को रात 1:30 बजे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। रातभर चली इस घटना में आरोपी पहले युवक को डोसा खिलाकर बेहोश करने का प्रयास किया। इसके बाद तीन अन्य साथी कमरे में आए और पीड़ित की पिटाई की। आरोपियों ने उसकी नग्न अवस्था में वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और उससे UPI के माध्यम से 56 हजार रुपये ऐंठ लिए।
पीड़ित युवक ने घटना की जानकारी मिलते ही मैहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवती और उसके एक पुरुष साथी को गिरफ्तार कर लिया। युवती के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गैंग का खुलासा करने का दावा किया है।



