
तिल्दा : रायपुर के तिल्दा ब्लॉक के बेल्दारसिवनी का शिवलिंग पूरे छत्तीसगढ़ में विख्यात है। इन दिनों यहां नवनिर्मित प्राचीन शिव मंदिर में तीन दिवसीय भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन हो रहा है जिससे पूरे गांव में भक्तमय माहौल है। ऐसा किवदंती है कि यह मंदिर लगभग 200 वर्ष से भी अधिक पुराना है। इस प्राचीन मंदिर के गर्भगृह में अद्भुत स्वयंभू अर्धनारीश्वर शिवलिंग विराजमान है। इसलिए अब यहां की प्रसिद्धि न केवल अंचल भर में अपितु पूरे राज्य तक फैल गई है।
हर रोज यहां शिवभक्तों का भीड़ लगता है। लोगों की आस्था यहां से इतनी अधिक जुड़ चुकी है कि भक्त अब इसे द्वादश ज्योतिर्लिंग की भांति पूजते हैं। मंदिर के पास ही यहां एक अनूठा कुंड भी बना है। जहां पुण्य स्नान कर शिवभक्त भोलेनाथ का अभिषेक करते हैं। लोगों की मानें तो इस शिवलिंग के बारे में शोध भी किया गया था। लेकिन कोई भी इसका रहस्य समझ नहीं पाए।



