छत्तीसगढ़दुर्ग

पशु क्रूरता की हदें पार: घरेलू मवेशी को हथौड़े से पीट-पीटकर मारा, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : जिले के छावनी थाना क्षेत्र में पशु क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने घरेलू मवेशी को लोहे के हथौड़े से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना 5 फरवरी 2026 की है। छावनी थाना क्षेत्र के जलेबी चौक के पास सुंदर नगर नाला क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा घरेलू पशु के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि पशु मृत अवस्था में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मवेशी को लोहे के हथौड़े से बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज किया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 325(3) बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान बाबूराव उर्फ पण्डू (55), निवासी छावनी, दुर्ग के रूप में हुई।

पुलिस ने 6 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button