छत्तीसगढ़

तीन स्कूली बच्चियां गायब: रहस्यमयी तरीके से लापता हो गयी तीन बच्चियां, मचा हड़कंप, पुलिस ने जारी किया नंबर…

भिलाई । सुपेला थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार की दो नाबालिग बहनों समेत तीन मासूम बच्चियां अचानक लापता हो गईं। लापता स्कूली बच्चियों में रानी (उम्र 11 वर्ष), रजनी (उम्र 7 वर्ष) और इशिका (उम्र 12 वर्ष) शामिल हैं। तीनों बच्चियां 6 फरवरी को दोपहर करीब 4 बजे घर से बाहर निकली थीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

परिजनों के अनुसार, तीनों स्कूली बच्चियां रोज की तरह घर के आसपास खेलने के लिए निकली थीं। शाम होने पर जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिवार वालों को चिंता हुई। पहले रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की गई, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने सुपेला थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुमशुदगी की रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली है।

बच्चियों के पिता ने बताया कि लापता होने से पहले किसी तरह का कोई विवाद या असामान्य बात सामने नहीं आई थी। उनका कहना है कि तीनों बच्चियां अचानक गायब हुई हैं, जिससे परिवार बेहद परेशान और डरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार पुलिस से बच्चियों को जल्द ढूंढ निकालने की गुहार लगा रहे हैं।

मामले की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास के घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चियां किस दिशा में गई थीं या किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ तो नहीं देखी गईं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चियों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

बच्चियों की तलाश में पुलिस ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर लोग 8878505555 या 9479192099 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि छोटी से छोटी सूचना भी जांच के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।

इस घटना के बाद अर्जुन नगर सहित पूरे सुपेला इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर बच्चियों की तलाश में जुट गए हैं। मोहल्ले के लोग जगह-जगह पोस्टर लगाने और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने में सहयोग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button