जमीन दिलाने और शेयर ट्रेडिंग में पैसा दोगुना करने का झांसा : 8.11 लाख लेने के बाद भी नहीं कराई जमीन की रजिस्ट्री, गिधौरी पुलिस ने ठग आरोपी को किया गिरफ्तार

बलौदाबाजार : जमीन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी मनोहर लाल साहू (35 वर्ष) को गिधौरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दो अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं।
पहला मामला जमीन बिक्री से जुड़ा है। प्रार्थी संतोष कुमार साहू ने जून 2017 में रायपुर में 2000 वर्ग फीट जमीन खरीदने के लिए मनोहर लाल साहू से सौदा किया था। इस दौरान संतोष ने आरोपी को नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 8 लाख 11 हजार रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। रुपये वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा, जिसके बाद पीड़ित ने थाना गिधौरी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दूसरा मामला शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर की गई ठगी से संबंधित है। आरोपी मनोहर लाल साहू ने रामनारायण साहू और अन्य साथियों के साथ मिलकर लोगों को शेयर बाजार में निवेश पर दो साल में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। इस योजना में कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ सहित कई क्षेत्रों के लोग ठगी का शिकार हुए। इस संबंध में थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 170/2025, धारा 318(4), 3(5), 111 BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर गिधौरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मनोहर लाल साहू ने जमीन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर अपने साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है।
ग्राम अमलीडीह, थाना गिधौरी निवासी आरोपी को 08 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और ठगी की अन्य घटनाओं की जांच जारी है।



