
रायगढ : रायगढ़ जिले में गौवंश तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस ने 32 गौवंश को मुक्त कराया और एक मवेशी तस्कर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने अपने स्टाफ के साथ ग्राम करवारजोर में दबिश दी और करवारजोर निवासी रब्बुल खान (उम्र 39) को पकड़ा। आरोपी मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मार-पीटकर, भूखे-प्यासे दौड़ाते हुए उड़ीसा ले जा रहा था।
अभियुक्त ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह मवेशियों को बुचड़खाने ले जाने वाला था। पकड़े गए मवेशियों का पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण कराया गया और उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखा गया। अभियुक्त रब्बुल खान के खिलाफ थाना लैलूंगा में छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले 7 फरवरी को भी लैलूंगा थाना और हमराह स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए 8 मवेशियों को मुक्त कराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में अवैध मवेशी परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने की उम्मीद है। एसएसपी शशि मोहन सिंह मवेशियों पर क्रूरता को लेकर बेहद गंभीर हैं और जिले में मवेशी तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी जारी रखने का निर्देश दिया है।



