
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के गढ़वट गांव में एक शादी समारोह उस समय तनाव और हिंसा की भेंट चढ़ गया, जब देर रात डीजे की आवाज और पटाखा फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गढ़वट गांव में एक परिवार के यहां शादी समारोह आयोजित था। देर रात बारात गांव पहुंची, जहां पारंपरिक स्वागत के बीच डीजे और आतिशबाजी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान डीजे की तेज आवाज और पटाखा फोड़ने को लेकर कुछ ग्रामीणों और बारातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले मामूली बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि बारात में शामिल पुष्पेंद्र धीवर नामक युवक ने गुस्से में आकर एक ग्रामीण युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार सीधे युवक के शरीर के संवेदनशील हिस्से पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई लोगों को चोटें आईं। गुस्साए लोगों ने मौके पर खड़ी कुछ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी, जिससे समारोह स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स (छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज), बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी युवक पुष्पेंद्र धीवर ने स्वयं थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण डीजे और पटाखा फोड़ने को लेकर उत्पन्न तनाव बताया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



