
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग दो दुर्घटनाओं में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
राजधानी रायपुर के विधानसभा रोड पर गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और साइकिल सवार सभी लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी की रात शुभम यादव (28) अपने दोस्त लव के साथ बाइक (क्रमांक 04 QL 7361) से रायपुर से मांढर जा रहा था। बरौदा के आगे रात करीब 8 बजे अंधेरे में सामने से आ रहे साइकिल सवार दंपती से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद चारों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगे।
घायलों को तत्काल लक्ष्मीनरायण अस्पताल ले जाया गया, जहां शुभम यादव को गंभीर हालत में बालाजी अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम का दोस्त लव का इलाज जारी है। वहीं, साइकिल सवार टेकारी निवासी भोजराम विश्वकर्मा (58) और उनकी पत्नी प्यारी विश्वकर्मा (53) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
इधर, दूसरी घटना कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में सामने आई। मोरगा चौकी इलाके में दो कारों की आमने-सामने टक्कर में 2 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



