छत्तीसगढ़जगदलपुर

SDO की मौत : कार में आया स्वास्थ्य विभाग के अफसर को हार्ट अटैक, बैठे-बैठे हो गयी मौत, रहस्यमयी मौत सब हैरान

जगदलपुर । शहर में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जगदलपुर के इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक ब्रेज़ा कार में एक युवक का शव बरामद हुआ। सुबह के समय राहगीरों की नजर कार के अंदर अचेत अवस्था में पड़े युवक पर पड़ी। संदेह होने पर तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान वृंदावन कॉलोनी निवासी शोभाराम देहारी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन के नियानार कार्यालय में एसडीओ (सब डिविजनल ऑफिसर) के पद पर कार्यरत थे। इस खबर के सामने आते ही शासकीय कर्मचारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक शुक्रवार रात से ही कार में मौजूद था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। घटनास्थल की स्थिति और कार के भीतर की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध नहीं मान रही है।पुलिस के अनुसार, युवक की मौत हृदयाघात या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और वाहन की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि किसी अन्य संभावित पहलू को नज़रअंदाज़ न किया जाए।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है, जिससे मृतक की अंतिम गतिविधियों और परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button