
बस्तर । जगदलपुर से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का एक सब इंस्पेक्टर ओडिशा में पिकनिक के दौरान लापता हो गया है। लापता अधिकारी की पहचान अमन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन अपने चार अन्य साथियों के साथ पिकनिक मनाने के लिए ओडिशा गया हुआ था। इसी दौरान वह शबरी नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRF) की टीम ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि टीम कल शाम से लगातार नदी में खोजबीन कर रही है, लेकिन अब तक अमन का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
लापता सब इंस्पेक्टर अमन की पदस्थापना नगरनार इस्पात कारखाना में थी। घटना की खबर मिलते ही विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों में चिंता का माहौल है। फिलहाल राहत एवं बचाव दल द्वारा सघन तलाश जारी है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



