
रायपुर। राजधानी में एक निजी वित्तीय कंपनी के मैनेजर द्वारा लाखों रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार श्याम नगर स्थित भारत फायनेन्शियल इंक्लूजन प्रालि. में रामेश्वर दास मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने 19 दिसंबर 2023 से 31 मई 2024 के बीच कंपनी की राशि का दुरुपयोग करते हुए कुल 9,53,899 रुपये का गबन किया।
ऑडिट में खुली पोल
कंपनी में अकाउंट वेरिफिकेशन के दौरान रकम में गड़बड़ी सामने आई। जांच के बाद कंपनी प्रतिनिधि दीपक गोरचे ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 408 और 34 IPC के तहत अपराध कायम किया है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जाएगी। मामले में वित्तीय लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।



