छत्तीसगढ़बालोद

6 पौवा शराब के साथ पकड़ा गया शख्स फंदे पर झूला: मौत से पहले कहा– 3 पुलिसकर्मी 15-20 हजार मांग रहे, जमानत के पैसे नहीं

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में 6 पौवा देशी शराब के साथ पकड़े गए 52 वर्षीय व्यक्ति ने मुचलके पर छूटने के दूसरे दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ग्राम मिर्रीटोला वार्ड क्रमांक 12 निवासी पुरानिक जोशी के रूप में हुई है। परिजनों ने 3 पुलिसकर्मियों पर 15 से 20 हजार रुपए की मांग और जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

6 घंटे तक शव का पंचनामा नहीं

घटना के विरोध में सतनामी समाज, क्रांति सेना और कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। करीब 6 घंटे तक पुलिस को शव का पंचनामा नहीं करने दिया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा 24 घंटे के भीतर संबंधित आरक्षकों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ और शव को नीचे उतारा गया।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 बजे पुरूर थाना पुलिस के तीन आरक्षकों ने पुरानिक जोशी और उनके भतीजे पूनम जोशी को घर से 6 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों को उसी रात मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि रविवार को पुरानिक जोशी अपने चप्पल लेने थाने गए थे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनसे 15-20 हजार रुपए की मांग की और जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद पुरानिक मोहल्ले में लोगों को बताने लगे कि वे जेल जाने वाले हैं और जमानत कराने वाला कोई नहीं है, इसलिए वे आत्महत्या कर लेंगे।

सुबह फंदे पर लटका मिला शव

सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे पुरानिक जोशी का शव उनके पुराने घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button