नेशनल/इंटरनेशनल

4 घंटे तक फ्लाइट में कैद रहे 200 यात्री! चेन्नई-सिंगापुर इंडिगो उड़ान में AC बंद होने से हड़कंप, टेकऑफ से पहले मचा बवाल

चेन्नई । चेन्नई से सिंगापुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 1025 तकनीकी खराबी के कारण करीब 4 से 5 घंटे तक लेट हो गई। इस दौरान विमान में सवार 200 से ज्यादा यात्री रनवे पर ही फंसे रहे। यात्रियों ने आरोप लगाया कि फ्लाइट के अंदर एयर कंडीशनिंग बार-बार बंद हो रही थी, जिससे उन्हें घुटन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री क्रू मेंबर्स से देरी की वजह पूछते नजर आ रहे हैं। एक यात्री का दावा है कि वे सुबह 7 बजे से विमान में बैठे थे, लेकिन उन्हें सही जानकारी नहीं दी जा रही थी। कुछ यात्रियों ने यह भी कहा कि करीब 4 घंटे तक उन्हें बिना वेंटिलेशन और भोजन के इंतजार करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट को सुबह 7:20 बजे चेन्नई से सिंगापुर के लिए उड़ान भरनी थी। टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी सामने आने पर विमान को वापस बे (पार्किंग) में ले जाया गया। जांच और मेंटेनेंस के दौरान कॉकपिट क्रू का ड्यूटी टाइम लिमिट पार हो गया, जिसके बाद क्रू बदलना पड़ा। नया पायलट करीब 11 बजे पहुंचा, जिसके बाद फ्लाइट ने सुबह 11:39 बजे उड़ान भरी।

एयरलाइन का बयान

इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट में मामूली तकनीकी समस्या आई थी, जिसके चलते सुरक्षा मानकों के तहत विमान को वापस लाया गया। एयरलाइन के मुताबिक यात्रियों को समय-समय पर अपडेट और रिफ्रेशमेंट दिए गए थे। कंपनी ने हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है।

मुंबई में भी फ्लाइट लेट

इधर, मुंबई से दिल्ली जाने वाली Air India की फ्लाइट AI 1851 भी बुधवार को 45 मिनट से ज्यादा समय तक रनवे पर खड़ी रही। हालांकि इस देरी की आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद एयरलाइंस की सेवाओं और यात्री सुविधाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति में पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button