
सूरजपुर। जिले में हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुनेश्वरपुर में पदस्थ 32 वर्षीय शिक्षिका शिखा त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार शिक्षिका शिखा त्रिपाठी, जो Sant Gahira Guru University अंबिकापुर के कुलसचिव की सुपुत्री थीं, रामानुजनगर स्थित अपने किराए के मकान से स्कूटी पर सवार होकर अपने बेटे के साथ स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान कौशलपुर स्थित एमपी ट्रैक्टर गैरेज के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक मॉडिफाइड ट्रैक्टर (क्रमांक यूपी 12 बीडब्ल्यू 2352) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर अवैध यूकेलिप्टस लकड़ी की तस्करी में प्रयुक्त हो रहा था और चालक तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षिका ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है तथा वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा जगत सहित सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध लकड़ी तस्करी और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



