
आरंग/रायपुर । राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र में 18 वर्षीय होनहार कलाकार नीरज लोधी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू और उसके साथियों ने नीरज पर लोहे के कड़े और चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल नीरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोधी समाज के सैकड़ों लोग आरंग थाना पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी।
इस दौरान सीएसपी लम्बोदर पटेल और थाना प्रभारी हरीश साहू ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
होली के दिन हुई खूनी वारदात
पुलिस के मुताबिक 4 मार्च को होली पर्व के दौरान नीरज लोधी अपने दो दोस्तों के साथ साहू टी स्टॉल, कलई चौक की ओर जा रहा था। जब वे साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहुंचे, तब वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने रंग लगाने के नाम पर उनकी बाइक रोक ली और बाइक की चाबी निकाल ली।
रंग लगाने से मना करने पर संजू निषाद और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों युवकों को बाइक से नीचे गिराकर मारपीट की गई। इसी दौरान संजू निषाद ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से नीरज के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से उसके सीने पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में नीरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार का इकलौता सहारा था नीरज
मृतक नीरज लोधी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नीरज बचपन से ही मूर्तिकला में रुचि रखता था और घर पर छोटी-छोटी प्रतिमाएं बनाकर अपनी कला को निखारता रहता था।
रामनगर चौक में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश और नवरात्रि में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं बनाने में उसकी विशेष पहचान थी। क्षेत्र में निकलने वाली झांकियों के निर्माण में भी उसका अहम योगदान रहता था। उसकी कलाकारी और सरल स्वभाव के कारण वह इलाके में काफी लोकप्रिय था।
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- मनीष कुमार निषाद उर्फ संजू (21 वर्ष)
- योगेन्द्र निषाद उर्फ वीरू उर्फ बालू (25 वर्ष)
- गौतम कुमार साहू (23 वर्ष)
- भोजराम उर्फ भोजू (25 वर्ष)
- राहुल साहू (23 वर्ष)
- नेमीचंद साहू (19 वर्ष)
- धनेश निषाद (30 वर्ष)
- एक नाबालिग आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों को आरंग के व्यवहार न्यायालय में पेश किया है और उनसे पूछताछ जारी है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद रामनगर चौक और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति बनी रहे।



