
रायपुर : होली के त्योहार के दौरान छत्तीसगढ़ में इस बार शराब बिक्री ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। होली से एक दिन पहले 3 मार्च को प्रदेश में करीब 128 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई, जो अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक बिक्री मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले 31 दिसंबर को नए साल के मौके पर करीब 124 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी, जो उस समय तक एक दिन का सबसे बड़ा रिकॉर्ड था। हालांकि इस बार होली के अवसर पर यह आंकड़ा भी पीछे छूट गया। होली के अगले दिन 5 मार्च को भी शराब की बिक्री में तेजी देखने को मिली और उस दिन करीब 50 करोड़ रुपये की शराब बिकी। आबकारी विभाग के अनुसार सामान्य दिनों में प्रदेश में प्रतिदिन औसतन करीब 40 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री होती है, लेकिन त्योहारों के दौरान यह आंकड़ा काफी बढ़ जाता है।
होली पर घोषित था ड्राई डे
छत्तीसगढ़ में हर वर्ष की तरह इस साल भी शुष्क दिवस घोषित किया गया था। हालांकि सरकार ने अपने नई आबकारी नीति में इस साल शुष्क दिवस को हटा दिया था। चौतरफा विरोध के बाद सरकार ने इसमें संशोधन करते हुए होली पर शुष्क घोषित को पुनः घोषित किया था। इसके अलावा सरकार ने इस वर्ष महात्मा गांधी निर्वाण दिवस और मोहर्रम के मौके रहने वाले ड्राई डे को हटाया है।



