छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री से जापान दूतावास के मंत्री आबे नोरिआकि की मुलाकात, छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा

रायपुर । विष्णु देव साय से सोमवार को रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग और विकास की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान दूतावास के मंत्री आबे नोरिआकि का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होंने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और भगवान श्री राम की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों के बीच द्विपक्षीय सहयोग और निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बातचीत के दौरान अपनी हालिया जापान यात्रा का भी उल्लेख किया और वहां मिले अनुभवों को साझा किया। उन्होंने आबे नोरिआकि को छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और यहां उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध है। खनिज संसाधनों, ऊर्जा उत्पादन और कृषि क्षेत्र में राज्य की मजबूत स्थिति निवेशकों को आकर्षित करने में सहायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों के विस्तार और नए निवेश के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए सरल और पारदर्शी नीतियां लागू कर रही है, जिससे देश और विदेश के निवेशकों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने जापान के उद्योग समूहों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया और कहा कि इससे राज्य के आर्थिक विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

जापान दूतावास के मंत्री आबे नोरिआकि ने भी छत्तीसगढ़ में निवेश और आर्थिक सहयोग की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जापान और भारत के बीच आर्थिक और औद्योगिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और ऐसे सहयोग से दोनों देशों को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर किरण देव और सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button