
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भ्रमण कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से देखा। इनमें बीजापुर के 36 और कांकेर जिले के 16 पूर्व नक्सली शामिल थे, जबकि कुल 54 महिलाएं और 86 पुरुष मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान सभी ने सदन की कार्यवाही देखी और बाद में विजय शर्मा से मुलाकात की। गृहमंत्री ने संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, पुनर्वास और सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान महिला सदस्यों ने 5वीं और 8वीं की पढ़ाई पूरी करने तथा परीक्षा में शामिल होने की मांग भी रखी।

कार्यक्रम में पंचायत विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका सिंह बारीक भी मौजूद रहीं। सरकार ने आत्मसमर्पित नक्सलियों को नियद नेल्ला नार योजना, आयुष्मान योजना और राशन कार्ड जैसी सुविधाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही इच्छुक लोगों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई।
इस दौरान विष्णु देव साय से भी पूर्व नक्सलियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में उनका स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है कि मुख्यधारा से जुड़ चुके लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने विधानसभा पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इससे पहले भी 120 पुनर्वासित नक्सली विधानसभा भ्रमण कर चुके हैं और यह सब केंद्रीय नेतृत्व की इच्छाशक्ति और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और जल्द ही इसका पूर्ण अंत होगा।



