छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ के IAS रवि मित्तल को PMO में बड़ी जिम्मेदारी, CPR से बने उप सचिव

IAS Ravi Mittal: छत्तीसगढ़ कैडर के युवा और तेजतर्रार आईएएस अधिकारी डॉ. रवि मित्तल को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी मिली है। उन्हें प्रतिनियुक्ति (डिपुटेशन) पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। डॉ. रवि मित्तल वर्तमान में छत्तीसगढ़ में जनसंपर्क आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक दक्षता और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए विशेष पहचान बनाई है।

इससे पहले वे जशपुर जिले के कलेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनके कार्यों की सराहना की गई थी।डॉ. मित्तल 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत से ही विभिन्न जिलों और विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे महासमुंद, रायगढ़ और रायपुर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में कार्य कर चुके हैं।

इन पदों पर रहते हुए उन्होंने ग्रामीण विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम कार्य किए।इसके अलावा, वे वर्ष 2018 में जशपुर जिले के बगीचा में एसडीएम के पद पर भी पदस्थ रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय प्रशासन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल को स्थानीय स्तर पर काफी सराहा गया था।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो डॉ. रवि मित्तल ने दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। मेडिकल क्षेत्र से प्रशासनिक सेवा में आने का उनका निर्णय उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाता है। चिकित्सा क्षेत्र की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर विशेष संवेदनशीलता दिखाई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव के रूप में उनकी नई भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जहां उन्हें नीति निर्माण और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े कार्यों में योगदान देना होगा। यह पद केंद्र सरकार के प्रमुख निर्णयों और योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button