
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में एक मां ने अपने ही 4 माह के दुधमुंहे बच्चे की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार, महिला घर में खाना बना रही थी, तभी उसका मासूम बच्चा लगातार रो रहा था। बच्चे के रोने से परेशान होकर मां ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में आकर उसे जमीन पर पटक दिया। इस दौरान बच्चे को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना ने इलाके में मातम का माहौल पैदा कर दिया है और लोग स्तब्ध हैं कि एक मां इस तरह का कदम कैसे उठा सकती है।



